Tuesday, 18 September 2018

एक प्रयास

परिषदीय विद्यालयों के प्राथमिक कक्षाओं (विशेषकर 1 और 2) में अध्यापको के सामने अलग अलग अधिगम स्तर के छात्रों को पढ़ाना पड़ता है। कोई बच्चा अभी पेंसिल पर सही से ग्रिप नही बना पाता तो कोई 1,2,3 तक लिख लेता है, कोई ABCD तो लिख लेता है मगर F के आगे नही लिख पाता। ऐसी स्थिति में मेरा व्यक्तिगत अनुभव है कि ब्लैकबोर्ड/व्हाइटबोर्ड की उपयोगिता सीमित रह जाती है क्योंकि यदि कक्षा में 30 छात्र हैं तो ब्लैकबोर्ड पर सबको एक साथ नही पढा सकते, जबकि सबका मानसिक और अधिगम का स्तर अभी अलग अलग है।
ऐसी स्थिति में अध्यापक से अपेक्षित है कि वो प्रत्येक बच्चे को प्रत्येक विषय में उसकी कॉपी पर उसके स्तर के अनुसार कक्षा कार्य और गृह कार्य दे। ऐसी स्थिति में परिषदीय विद्यालय के अध्यापक दो प्रमुख समस्याएं पाते हैं।

1- बच्चा 6 कार्यदिवस में तीन चार अलग अलग कापियां ले आता है। कभी नई ले आएगा, कभी फटी हुई कोई कॉपी,कभी अपने बड़े भाई बहन की कॉपी...

2- जो बच्चे नियमित नही आते( इसके कारणों पर विमर्श बाद में करेंगे)  वो जब 5-7 दिन बाद अचानक स्कूल आते हैं तो उनकी कापियाँ वो नही होती जिसपर आप ने पढ़ाया है, वो अलग होती हैं जिससे अध्यापक को याद नही रहता की पिछली बार क्या पढ़ाया था और ऐसे बच्चे पूरे साल  क ख ग घ और ABCD से आगे बढ़ नही पाते।

          मैंने अपने विद्यालय पर इस समस्या का एक निदान निकाला और अप्लाई किया यह काफी सफल रहा,अतः आप सब से साझा कर रहा हूँ। विद्यालय में एक और दो के छात्रों की संख्या जोड़कर लगभग 60 बच्चे हैं, जहां इससे ज्यादा है वो किसी एक क्लास से इसे शुरू कर सकते हैं।
मैने 60 बच्चों के 60 लिए थ्री इन वन  कापियाँ खरीदी। थ्री इन वन कापियाँ मतलब हिंदी,गणित,अंग्रेजी तीनो एक ही कॉपी में।  शुरू के कुछ पन्ने हिंदी, फिर अंग्रेजी फ़िर गणित। इन कापियों पर आकर्षक बच्चों लायक सुंदर कवर चढ़ाया और सब पर नेम स्टिकर लगाकर बच्चों का नाम लिख दिया। चित्र में देखें ।
क्लास में प्रत्येक बच्चे की अधिगम क्षमता के अनुसार उसे हिंदी,अंग्रेजी,गणित ( या जो विषय आप पढ़ाते हैं)  में कक्षा का कार्य दिया। घंटी के बाद उसकी कॉपी जमा करा ली और उसके द्वारा घर से लाई गई कॉपी पर गृह कार्य दिया। इसके बाद विद्यालय में (या समय न मिले तो घर ले जाकर) छात्र का कक्षा कार्य  चेक कीजिये और अगले पन्ने पर अगले दिन का क्लास वर्क लिख दीजिये। कृपया ध्यान दें कि कॉपी पर अगले दिन की डेट न डालें। अगले दिन उन कापियों को(जिनमें आप पहले ही कक्षा कार्य लिख चुके हैं) बच्चे को बुलाकर,दिनांक डालकर बाट दें और पुरानी गलतियों(यदि हो तो) उसके बारे में सुधार करने को कहें। जो छात्र नही आया है उसकी कॉपी पर दिया कार्य अगले उपस्थिति वाले दिन उपयोग हो जाएगा। तत्पश्चात बाद पुनः वही प्रक्रिया दोहराएं कॉपी जमा करके गृहकार्य उसके द्वारा घर से लाई कॉपी पर दें।    इससे यदि बच्चा 15 दिन बाद भी सामने आएगा तो आप उसकी कक्षाकार्य की कॉपी देखकर जान जाएंगे कि वो कितना जानता है। और अगले कार्य उससे आगे का देंगे। बच्चा यदि यदि गृहकार्य की कॉपी गायब कर दे या कॉपी फट जाए फिर भी आपके पास उसके प्रत्येक विषय का डेटवाईज रिकार्ड रहेगा। वह कॉपी ही आपको उसकी उपस्थिति और कार्य करने की क्षमता के बारे में बता देगी। अभिभावक या अधिकारीगण आये तो आप प्रत्येक बच्चे का प्रत्येक विषय में स्तर,कमियाँ और सुधार तुरंत बता सकेंगे। और सबसे महत्त्वपूर्ण इसप्रकार बच्चे को ज्यादा जल्दी और आसानी से सिखाया जा सकेगा। 
       इस प्रकार के कॉपी की कीमत 10 रुपये से 25 रुपये तक है। सुझाव ये है कि 10 रुपये वाली कॉपी खरीदे जिससे यदि कापियाँ जांचने हेतु घर ले जानी पड़े तो वजन कम रहे और आप के बैग/बाईक आदि में आसानी से आ जाये।

धन्यवाद

आशुतोष नाथ तिवारी
शिक्षक सम्प्रेषण मंच
जनपद- देवरिया

Tuesday, 11 September 2018

नेशन बिल्डर अवार्ड से सम्मानित हुईं मृदुला

दिनांक 10/09/2018 को रोटरी क्लब के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनन्त ,बैतालपुर देवरिया की प्रधानाध्यापिका श्रीमती मृदुला मिश्रा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए नेशन बिल्डर अवार्ड द्वारा सम्मानित किया गया. यह पुरस्कार उन्हें नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती अलका सिंह ने दिया.नगरपालिका अध्यक्ष ने श्रीमती मृदुला मिश्रा के शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उनके भविष्य हेतु शुभकामनायें प्रेषित किया.
     प्राथमिक शिक्षक संघ बैतालपुर के अध्यक्ष श्री संजय मिश्रा ,ब्लाक मंत्री एवं जिला कोषाध्यक्ष श्री जयप्रकाश मणि त्रिपाठी ने दिनांक 11/09/2018 को  का भ्रमण करके शिक्षा में 
उल्लेखनीय योगदान हेतु पुरस्कृत होने पर प्राथमिक शिक्षक संघ की तरफ से श्रीमती मृदुला मिश्रा को बधाईयाँ प्रेषित करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वान  दिया. संघ के दोनों पदाधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत के छात्रों से वार्तालाप के बाद, उनके प्रोत्साहन हेतु ,जल्द से जल्द शिक्षण अधिगम सामग्री को उपलब्ध कराने की बात कही ..

Saturday, 8 September 2018

प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत में नवनियुक्त शिक्षिका का कार्यभार ग्रहण



आज दिनांक 9/8/2018 को प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत में नवन्युक्त शिक्षिका श्रीमती प्रियंका यादव ने कार्यभार ग्रहण कर शिक्षण कार्य प्रारंभ किया . प्रधानाध्यापिका श्रीमती मृदुला मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण कराया. उन्होंने  नवन्युक्त शिक्षिका को उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनायें देते हुए समर्पण और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यपालन हेतु  सर्वदा तत्पर रहने को कहा. इस अवसर पर ब्लाक व्यायाम शिक्षक श्री श्रीराम यादव, सहायक अध्यापक श्री आशुतोष भूषण सिंह , श्री आशुतोष नाथ तिवारी उपस्थित रहे .
ग्राम सभा बोडिया अनंत के ग्राम प्रधान श्री संजय राव ने विद्यालय का निरीक्षण कर नवन्युक्त अध्यापिका को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की अध्यापकों की संख्या बढ़ने से विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और अधिक बढ़ेगी. ग्राम प्रधान श्री संजय राव ने विद्यालय के जर्जर भवन एवं फर्श आदि के हो रहे मरम्मत आदि के कार्य को जल्द से जल्द ग्राम सभा के माध्यम से पूरा कराने का निर्देश दिया . 

Tuesday, 4 September 2018

प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधि का भ्रमण

आज दिनांक 04/09/2018 को प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत में  प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधि का श्री रंजीत कुमार वर्मा ने भ्रमण कर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन  और बेसिक  शिक्षा परिषद् की सहायता से चलाये जा रहे ग्रेडेड लर्निंग कार्यक्रम के DRP द्वारा की जा रही 20 दिवसीय प्रेक्टिस क्लास सम्बन्धी गतिविधियों का अवलोकन किया और जिला ट्रेनर आशुतोष नाथ तिवारी को आवश्यक परामर्श दिया..

Friday, 31 August 2018

महान विभूतियों की कहानी सुनायेंगे खुर्शीद और आशुतोष

महान विभूतियों की कहानी सुनायेंगे खुर्शीद और आशुतोष नाथ तिवारी
विषय - बेसिक शिक्षा परिषद् के पाठ्यक्रम में आशुतोष नाथ तिवारी और खुर्शीद अहमद के आवाज को QR कोड पाठ को QR कोड के माध्यम से शामिल करने के सम्बन्ध में
31 august 2018
                           
                          SCERT लखनऊ में कहानी की रिकार्डिंग करते शिक्षक आशुतोष 

Wednesday, 29 August 2018

न्याय पंचायत जंगल सहजौली बैतालपुर में न्याय पंचायत स्तरीय खेलों का आयोजन

दिनांक 29/08/2018 को न्याय पंचायत जंगल सह्जौली बैतालपुर में न्याय पंचायत स्तरीय खेलों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का प्रारंभ एनपीआरसी श्रीमती गीता देवी  ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण करके किया.
तत्पश्चात प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत की छात्राओं ने सरस्वती वंदना... हे शारदे माँ  की प्रस्तुती दी. इसके पश्चात क्रमशः प्राथमिक विद्यालय औराचौरी  और प्राथमिक विद्यालय जंगल सह्जौली के छात्रों ने अपने अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी. इसके पश्चात् खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ .
प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत की टीम डम्बल एवं लेजिम पीटी की प्रतियोगिता में प्राथमिक  औरचौरी के साथ संयुक्त रूप से विजेता घोषित हुई.

सुलेख प्रतियोगिता में विजेताओं के नाम 

प्रथम स्थान- कुमारी  शिवांगी प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत, कक्षा -5
द्वितीय स्थान-  कृष्णा    प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत,कक्षा -3तृतीय स्थान- कुमारी अलीशा प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनंत,कक्षा-4



Wednesday, 15 August 2018

प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनन्त , बैतालपुर देवरिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह

प्राथमिक विद्यालय बोडिया अनन्त , बैतालपुर देवरिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास  के साथ मनाया गया .प्रातः काल छात्रों ने गांव में, भारत माता की जय और वन्दे मातरम् के गगनभेदी नारों के साथ प्रभातफेरी निकाली. तत्पश्चात झंडारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ . कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जनपद अध्यक्ष श्री महेंद्र यादव जी थे. झंडारोहण एवं तिरंगे को सलामी के पश्चात छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. मुख्य अतिथि समेत सभी सम्मानित अतिथियों का ग्राम प्रधान श्री संजय राव एवं प्रधानाध्यापिका श्रीमती मृदुला मिश्रा ने बैज लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया .कार्यक्रम का प्रारंभ श्रीगणेश वंदना से हुआ. कार्यक्रम में कक्षा 3 के छात्रों ने नन्हा मुन्ना राही गाने की प्रस्तुती एवं कक्ष 5 की छात्राओं द्वारा देश रंगीला गाने पर नृत्य उत्कृष्ट रहा . मुख्य अतिथि महोदय ने प्रस्तुति देने वाले छात्रों 1000 रूपये का पारितोषिक दिया . इसके बाद पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ .कार्यक्रम पश्चात अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने छात्रों को परिश्रम के साथ पढ़ाई के साथ साथ राष्ट्र की स्वच्छता जैसे योजनाओं में अपना योगदान देने हेतु  प्रेरित किया. ग्राम प्रधान श्री संजय राव के धन्यवाद ज्ञापन के बाद मिष्ठान्न वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ.  कार्यक्रम में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह जी , मंडल अध्यक्ष देवरिया देहात श्री अभिषेक राय अंकुर जी, अधिवक्ता श्री राजेश मिश्र जी , भाजपा के जिला मीडिया संपर्क प्रमुख श्री अम्बिकेश समेत ब्लाक व्यायाम शिक्षक श्री श्रीराम यादव , विद्यालय के अध्यापक श्री आशुतोष भूषण सिंह ,श्री आशुतोष नाथ तिवारी, श्रीमती नीलम सिंह ,श्रीमती अंजू  यादव ,श्रीमती सरोज यादव समेत ग्राम के गणमान्य व्यक्ति एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे.